देवघर: कल तीज है ऐसे में बाजार में भीड़ उमड़ी। तीज को लेकर महिलाएं खरीददारी करने बाजार पहुंची। लेकिन बाजार में भीड़ का फायदा उठाने चोर भी घुसे और मौका मिलते ही हाथ साफ़ कर लिया। बुधवार की शाम ऐसा ही कुछ नगर थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में हुआ।
जहां एक महिला के हाथ में मौजूद थैले से नगद और मोबाइल चोरी कर लिए गए। बताया जा रहा कि मोहनपुर थाना क्षेत्र के ठाढ़ी महेशमारा निवासी वर्षा देवी तीज की पूजा करने के लिए देवघर नगर थाना क्षेत्र के मानसिंघी अपने मायके आई हुई थी। बुधवार की शाम महिला बाज़ार पूजा को लेकर सामान खरीदने गयी थी। महिला ने एक थैले में अपना पर्स रख दिया था। उसके बाद वह और कुछ सामान खरीदने के लिए दूसरे दुकान पर जा रही थी। इसी दौरान किसी चोर द्वारा ब्लेड से थैला काट लिया गया। थैला काटने के बाद चोर ने थैले में रखा उनका पर्स निकाल लिया। जिसके बाद चोर द्वारा पर्स में रखा हुआ एक हजार 500 रुपए और एक स्मार्टफोन निकलकर पर्स को वहीं फेंक दिया गया।
वहीं, घटना के बाद दुकानदारों व महिला के परिजनों द्वारा संदेह के आधार पर एक महिला को पकड़ कर थाना लाया गया और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गयी। शिकायत के आधार पर पुलिस छानबीन कर रही है।