
देवघर: देवघर नगर थाना क्षेत्र के जलसार रोड में वार्ड 19 के पार्षद रह चुके गुलाब मिश्र से कुछ युवकों द्वारा घेरकर मारपीट का मामला सामने आया है। पूर्व वार्ड पार्षद ने मामले की शिकायत देवघर नगर थाना में की है।

गुलाब मिश्र ने बताया कि 20 से 22 साल के युवकों द्वारा मारपीट की गयी है। उन्होंने बताया कि वार्ड 19 में हाइड्रोलिक मशीन से पेड़ की कटाई हो रही थी। उन्होंने खड़े होकर सारे काम कराये। तभी सरिता होटल के पास रहने वाला एक युवक आया और ये कहकर गाली-गलौज करने लगा कि जब जलसार के पास पेड़ गिरा था तब तुम कहां थे। साथ ही कटे हुए झाडी से ही पहले उनपर हमला किया।

गुलाब मिश्र का आरोप है कि बात ज्यादा बिगड़ती देख उन्होंने थाना से शिकायत कर दी। जब पुलिस द्वारा उन्हें बुलाने पर वो थाना आ रहे थे, उसी दौरान रास्ते में आरोपी युवक व उसके चार से पांच साथियों ने उन्हें रोक मारपीट की। किसी तरह वो अपनी जान बचा कर भागे।
गुलाब मिश्र ने मामले की पूरी जानकारी पुलिस को दे दी है। पुलिस छानबीन कर रही है। इधर, उनके शरीर पर चोटें भी आई है। जिसका इलाज अस्पताल में किया गया।


