
रांची: झारखंड विधानसभा (Jharkhand Assembly) का मॉनसून सत्र (Monsoon Session) 3 सितंबर से शुरू होगा। झारखंड सरकार (Jharkhand Government) द्वारा जारी बयान में बताया गया है कि तीन सितंबर को झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र शुरू होगा।

पहले दिन शपथ या प्रतिज्ञान ग्रहण का कार्यक्रम होगा। उसके बाद राज्यपाल द्वारा जारी अध्यादेशों की मंजूरी दी जाएगी। उसके बाद शोक प्रस्ताव पारित कर विधानसभा की कार्यवाही अगले दिन के लिए स्थगित कर दी जाएगी।


पहले दिन तीन सितंबर को शपथ ग्रहण के अलावा विधानसभा सत्र में नहीं रहने की अवधि में राज्यपाल के द्वारा प्रख्यापित अध्यादेशों की प्रमाणीकृत प्रतियों को पटल पर रखा जाएगा। इसी दिन शोक प्रकाश का भी आयोजन होगा। चार और पांच सितंबर को अवकाश रहेगा। छह सितंबर को प्रश्नकाल, मुख्यमंत्री प्रश्नकाल और प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पेश की जाएगी। सात सितंबर को प्रश्नकाल के अलावा राजकीय विधेयक पेश किए जाएंगे। नौ सितंबर को प्रश्नकाल के बाद राजकीय विधेयक पेश किए जाएंगे जिसके बाद गैर सरकारी संकल्प पेश होंगे। इस दौरान सत्र हंगामेदार होने की संभावना है।
बता दें कि हाल में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और संसदीय कार्यमंत्री के बीच विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर मंत्रणा हुई थी। इसमें विधानसभा का मानसून सत्र बुलाने पर चर्चा हुई थी। इस दौरान जरूरी विधायी कार्य निपटाए जाएंगे। इधर, मानसून सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय तैयारी में जुट गया है। इस दौरान कई विधेयकों के पेश किये जाने की संभावना है।


