गोड्डा: शुक्रवार को गोड्डा जिले में आकाशीय बिजली मौत बनकर गिरी और 5 जिंदगियों को लील गयी। जिसमे तीन महिलायें भी शामिल हैं। वहीं, तीन अन्य घायल हैं।
शुक्रवार को सुबह लगभग साढ़े दस से ग्यारह बजे के बीच तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली की गर्जना से पूरा गोड्डा थर्रा उठा। ऐसा लग रहा था मानो करीब ही बिजली गिरी हो। फिर मिली एक-एक कर मौत की सूचना।
परासी गाँव में पति-पत्नी सहित तीन की हुई मौत
अभी गोड्डा जिले में चारों तरफ धान की खेती कार्य में लोग अपने अपने खेतों में लगे नजर आते हैं। क्योंकि धान यहाँ की मुख्य फसल भी है जीविकोपार्जन का सबसे बड़ा साधन भी। इस वर्ष पिछले कुछ वर्षों की अपेक्षा उम्मीद से ज्यादा ही वर्षा हो रही है। नतीजा चारों तरफ खेतों में पानी ही पानी नजर आती है।
शुक्रवार को भी सुबह से लोग अपने खेतों में धान की बुवाई करने में लगे थे। सदर प्रखंड के परासी गाँव में 60 वर्षीय नारदी देवी अपने पति राजकिशोर पातर के संग खेतों में बुवाई कर रही थी। तो वहीं बगल के खेत में 65 वर्षीय गौरी देवी भी अपने खेत से बुवाई कर घर की तरफ निकली थी कि तभी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गयी और तीनो की मृत्यु हो गयी।
क़स्बा गोड्डा और भदराय में भी एक पुरुष एक महिला की हुई मौत
इधर सदर प्रखंड के भदराय और कस्बा गोड्डा में भी एक महिला और एक पुरुष की मौत आसमानी बिजली की चपेट में आकर हो गयी। जबकि तीन अन्य जख्मी हालत में सदर अस्पताल गोड्डा में इलाजरत हैं। क़स्बा गोड्डा में 27 वर्षीय नवल किशोर यादव तो 26 वर्षीय भदराय निवासी कंचन देवी की मौत हो गयी। जबकि मुन्नी देवी ,सुंदरी देवी और रेखा देवी घायल हो गयी जिनका इलाज चल रहा है।
(रिपोर्ट: अजीत कुमार सिंह)