Koderma: मरकच्चो थाना अंतर्गत दरदाही में एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ पानी से भरे पत्थर खदान में छलांग लगा दी। सोमवार दिन में महिला और एक बच्चे का शव बरामद किया गया है, जबकि दो बच्चों के शव को शाम में बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार खदान से सटे गगराडीह गांव के उमेश यादव की पत्नी गुड़िया देवी (35 ) घरेलू विवाद के बाद रविवार की शाम अपने तीन बच्चों को लेकर घर से निकल गयी। तब से महिला और बच्चों की खोज की जा रही थी। सोमवार दिन लगभग तीन बजे दरदाही स्थित उक्त पत्थर खदान में महिला और एक बच्चे का शव ग्रामीणों ने देखा। ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। इसके बाद बात की जानकारी पुलिस को दी गयी।
महिला गुड़िया देवी तथा उसके पुत्र छोटू (3 ) का शव निकाला गया। वहीं दो और बच्चों शिवम कुमार (7 ) तथा सरजू कुमार (8 ) के शव को शाम में बरामद किया गया। कड़ी मेहनत के बाद शव को पानी से निकाला जा सका। इधर महिला के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री और तीन बच्चों की हत्या कर शव को खदान में फेंक दिया गया।