
Koderma: जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर घाट के निकट जंगल में बिहार से पिकनिक मनाने आये चार युवकों में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गयी। घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जाती है।

जानकारी के अनुसार यहां पहुंचे चार में एक व्यक्ति आशुतोष कुमार बक्सर जिला (बिहार) में प्रोबेसनल डीएसपी हैं। फ़ोटो खींचने के दौरान हुए विवाद के बाद गोली चलने की बात कही जा रही है। वहीं गोली लगने के बाद घायल युवक निखिल रंजन (25) को इलाज के लिए ले जाया गया पर उसकी मौत हो गयी। बाद में मृतक के शव को सदर अस्पताल लाया गया।

घटना के बाद प्रशिक्षु डीएसपी आशुतोष और एक अन्य युवक सिद्धार्थ को हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं एक अन्य युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
इधर निखिल के भाई विनीत सिन्हा ने फोन पर आपसी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के परिजन बिहार से कोडरमा के लिए निकल चुके हैं।


