दुमका: पत्थर लदे वाहनों की जांच के लिए शिकारीपाड़ा गए डीटीओ शैलेंद्र कुमार रजक और सीओ राजू कमल की गाड़ियों पर पत्थर माफियाओं ने पथराव कर दिया। इससे डीटीओ और सीओ की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, पथराव कर रहे लोगों को रोकने के प्रयास में दो पुलिस जवानों की पिटाई कर दी गई। इससे वो जख्मी हो गए। यह घटना गुरुवार को जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के पिनरगढ़िया में हुई।
घटनास्थल पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस बल ने घायल दोनों पुलिस जवानों को अस्पताल पहुंचाया। दरअसल, वाहनों की जांच करने के लिए डीटीओ और सीओ शिकारीपाड़ा के पिनरगढ़िया पहुंचे थे। वहां पत्थर लदे वाहनों की जांच करने लगे। इसी दौरान पत्थर माफियाओं के उकसाने पर काफी संख्या में स्थानीय लोग वहां जमा हो गए और हो हंगामा शुरू कर दिया। डीटीओ और सीओ के साथ गए पुलिसकर्मियों ने जब हंगामा कर रहे युवकों को रोकना चाहा तो उन्होंने दो पुलिसकर्मियों की पिटाई कर दी और पथराव शुरू कर दिया। जिसमे दो पुलिस जवान घायल हो गए और डीटीओ और सीओ की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना को लेकर एसडीओ महेश्वर महतो ने बताया कि अवैध ट्रकों की जांच करने के दौरान असामाजिक तत्वों ने वाहनों पर पथराव किया है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा।