
रांची: झारखंड में बुधवार को ब्लैक फंगस का एक और मरीज मिला है। राज्य में ब्लैक फंगस के कुल मरीजों की संख्या 137 हो गई है। इनमें 83 मरीजों में ब्लैक फंगस के लक्षण पाए गए हैं जबकि 54 मरीज संदिग्ध है।

स्वास्थ्य विभाग के नोडल पदाधिकारी सिद्धार्थ त्रिपाठी ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि राज्य में ब्लैक फंगस के अब तक 26 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 54 मरीज ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि 22 जून को राज्य में 1,30,310 सैम्पल की जाँच की गई, जिसमें 1,30,200 मामले निगेटिव पाए गए और 110 मामले पाॅजिटिव पाए गए। साथ ही 180 व्यक्ति कोविड-19 से ठीक हुए।

वर्तमान में कोविड-19 के 1,417 सक्रिय मामले हैं। अब तक 95,65,542 सैम्पल की जांच की गई है। उन्होंने बताया कि राज्य की कोविड-19 रिकवरी दर 98.11 और मृत्यु दर 1.48 प्रतिशत है। सक्रिय मामलों में से 1,028 (72.55 प्रतिशत) मामले एसिम्टोमेटिक और 389 (27.45 प्रतिशत) मामले सिम्टोमेटिक श्रेणी के हैं।


