
बालूमाथ(लातेहार)

झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ थाना अंतर्गत मासियातू गांव में अपराधियों ने बुधवार की रात कोयला कारोबारी मो. शमीम के भाई मोहम्मद हबीब (40) को गोली मार दी। इस हमले में मोहम्मद हबीब गंभीर रूप से घायल हो गया। हबीब बालूमाथ के चांदनी मुहल्ला का रहने वाला है। परिजन घायल को तुरंत बालूमाथ अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल की गम्भीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रांची रेफर कर दिया।

परिजनों ने बताया कि घायल को गोली सीने में लगी है। घटना आठ बजे रात की है। परिजनों के अनुसार, छह की संख्या में दो बाइक पर सवार होकर आए छह अपराधी हबीब के घर पहुंचे। इसके बाद बाहर से आवाज लगा कर उसे घर से बाहर बुलाया।
हबीब जैसे ही घर से बाहर निकला तो अपराधियों ने उसके सीने में गोली मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। डॉक्टर के अनुसार मोहम्मद हबीब के सीने में गोली फंसी हुई है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।


