चाईबासा।

चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम) के सिविल सर्जन ओम प्रकाश गुप्ता कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वे वैक्सीन के दोनों डोज लेने के बाद भी पॉजिटिव हुए हैं। उन्होंने 16 जनवरी को पहला और 13 फरवरी को दूसरा डोज लिया था।

गुरुवार को सिविल सर्जन की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। प्रदेश में इस तरह का पहला मामला है जब वैक्सीन के दोनों डोज लेने के बाद भी कोई पॉजिटिव हुआ है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि ऐसा संभव है कि कोई वैक्सीन के दोनों डोज लेने के बाद भी संक्रमित हो सकता है। लेकिन कोई संक्रमित होता भी है तो फेफड़ों के प्रभावित होने की संभावना कम हो जाती है।


इधर, सिविल सर्जन के कोरोना संक्रमित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। सिविल सर्जन बुधवार को खूंटपानी प्रखंड के बड़ा चिरु में कुपोषण उपचार केंद्र के उद्घाटन में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में उनके साथ मंत्री जोबा मांझी, विधायक दशरथ गागराई, उपायुक्त अरवा राजकमल भी शामिल हुए।




