रांची।
मधुपुर उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। दो उपचुनावों में हार के बाद भाजपा मधुपुर सीट पर किसी भी तरह जीत दर्ज कराना चाहती है। 17 अप्रैल को झारखण्ड के मधुपुर विधानसभा में उपचुनाव होना है। यूपीए गठबंधन के कैंडिडेट का चेहरा तो जग जाहिर है, लेकिन भाजपा अपने उम्मीदवार का नाम तय करने में मंथन कर रही है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में चुनाव समिति की बैठक लगातार जारी है। सूत्रों के मुताबिक इस बार लिस्ट में सबसे ऊपर गंगा नारायण सिंह का नाम चल रहा है। हालाँकि, इसके अलावे 5-6 अन्य नामों पर भी चर्चा जारी है, जिसमे पूर्व मंत्री राज पालिवार का नाम भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार भाजपा पार्टी कार्यालय में शनिवार सुबह शुरू हुई चुनाव समिति की बैठक में कई वरिष्ठ भाजपा नेता और समिति के सदस्य बैठे। इसमें केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख़्यमंत्री अर्जुन मुंडा, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी औऱ रघुवर दास, पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, विधायक केदार हाजरा सहित अन्य नेता भी शामिल रहे। उम्मीदवार के नाम तय करने पर हुए गहन चिंतन-मंथन के बाद समिति ने दीपक प्रकाश, बाबूलाल मरांडी और धर्मपाल सिंह को अंतिम रूप से नाम तय करने का जिम्मा सौंप दिया। अब तीनों नेता मधुपुर विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार का नाम तय करने में जुट गये हैं। बताया जा रहा कि इस रेस में सबसे आगे गंगा नारायण का ही नाम है।
बगावती तेवर न अपना लें राज पलिवार
इधर, पूर्व मंत्री राज पलिवार बगावती तेवर न अपना लें, इस पर भी पार्टी लगातार नजर बनाये हुए है। ऐसे में प्रदेश भाजपा के बड़े नेता पार्टी हित की दुहाई देते हुए उन्हें भी समझाने में लगे हुए हैं।
गंगा नारायण सिंह ताल ठोंकने को तैयार
सूत्रों के मुताबिक आजसू पार्टी के पूर्व प्रत्याशी रहे गंगा नारायण सिंह आशान्वित हैं कि इस बार भाजपा उन पर भरोसा करते हुए चुनावी मैदान में जरूर उतारेगी। कहा जा रहा है कि अगर गंगा नारायण को पार्टी से टिकट न भी मिला तो भी वे हर हाल में चुनाव लड़ेंगे ही।
फिलहाल, पार्टी की ओर से उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की गयी है। आखिरी मुहर भाजपा की ओर से लगाना बाकी है।