

गिरिडीह।

बेटी की शादी का निमंत्रण देने जा रहे पिता की हादसे में मौत के एक दिन बाद मंगलवार को मां की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई ।घटना बदगुंदा टोला के धावाटांड की है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

ताराटांड़ थाना क्षेत्र के बदगुंदा टोला धावाटांड निवासी गोपीन किस्कु 28 फरवरी को स्कूटी से बेटी की शादी का निमंत्रण देने उदनाबाद के पास मधुपुर गांव जा रहा था। इसी बीच गिरिडीह-टुंडी मेन रोड पर बुटबरिया के पास पीछे से आ रही एक कार ने गोपीन को टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही गोपीन किस्कु की मौत हो गई। अभी परिजन इस दुख से उबरे भी नहीं थे कि मंगलवार को गोपीन किस्कु की पत्नी पार्वती देवी की भी हृदयाघात से मौत हो गई।

दंपती की बेटी की शादी 16 मार्च को है। इधर, घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे बीडीओ हरि उरांव ने बदगुंदा पंचायत के मुखिया के माध्यम से पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपए का आर्थिक सहयोग व जनवितरण प्रणाली की दुकान से चावल दिलाया।



