धनबाद।
धनबाद के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रवि रंजन ने झरिया के पूर्व भाजपा विधायक संजीव सिंह को तत्काल धनबाद जेल शिफ्ट करने का आदेश दिया है। गुरुवार को कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई हुई। इस दौरान अदालत ने कहा कि बिना कोर्ट की अनुमति के पूर्व विधायक को कैसे दुमका केंद्रीय कारा भेजा गया। जानकारी हो कि पूर्व विधायक संजीव सिंह के अधिवक्ता ने धनबाद से दुमका सेंट्रल जेल शिफ्ट करने के खिलाफ न्यायालय में आवेदन दिया था।
बता दें कि जेल आइजी के आदेश पर 21 फरवरी को अचानक संजीव सिंह को धनबाद से दुमका सेंट्रल जेल शिफ्ट कर दिया गया था। संजीव सिंह के समर्थकों ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया था। इसको लेकर भाजपा की तरफ से आज यहां महाधरना भी दिया गया।
धनबाद के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रवि रंजन ने धनबाद के जेल अधीक्षक को शो-कॉज किया है। धनबाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश (चतुर्थ) रवि रंजन की अदालत ने पिछले मंगलवार को सुनवाई के बाद जेल सुपरिंटेंडेंट अजय कुमार को शो कॉज किया था और दो दिनों के अंदर जवाब देने का आदेश दिया था।