देवघर।

पुलिस हिरासत में इलाजरत होमगार्ड शालिग्राम यादव की मौत के दूसरे दिन कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी गयी। जिले के SP अश्विनी कुमार सिन्हा समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारी अंतिम विदाई देने पहुंचे तो वहीं, देवघर एसडीपीओ विकासचन्द्र श्रीवास्तव ने शव को कांधा भी दिया। जबकि मृतक के परिजन शालिग्राम के मौत का जिम्मेदार भी पुलिस को बता रहे हैं।

शुक्रवार की सुबह देवघर सदर अस्पताल में इलाजरत होमगार्ड मोहनपुर थाना क्षेत्र के लेटवावरण गांव निवासी शालीग्राम यादव (जिन्हे पुलिस हिरासत में लिया गया था) की मौत के बाद जमकर हंगामा बरपा। पुलिस को ही शालिग्राम के मौत का जिम्मेदार बता रहे परिजन देवघर में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे। परिजन व ग्रामीण शव का पोस्टमार्टम पीएमसीएच धनबाद में कराने की बात पर अड़े हुए थे। वहीं एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा द्वारा मृतक की पत्नी ललिता देवी व पुत्री रिंकू देवी को न्याय दिलाने का आश्वासन व अन्य सरकारी विभागीय लाभ दिये जाने का भरोसा देने पर परिजन गृहरक्षक के शव का पोस्टमार्टम देवघर में ही कराने पर राजी हुए। शालीग्राम यादव की मौत के 28 घंटे बाद सदर अस्पताल के मेडिकल बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया। पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान दंडाधिकारी समेत मोहनपुर बीडीओ व मोहनपुर सीओ पोस्टमार्टम हाउस के अंदर मौजूद रहे। जिनकी निगरानी में ही का पोस्टमार्टम बोर्ड के डॉक्टरों ने किया, जिसकी वीडियोग्राफी भी करायी गयी। डॉक्टर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट जल्द जारी करने की बात कही है।

लेकिन, पुलिस पर अत्याचार करने के आरोप से परिजनों ने इंकार नहीं किया है। परिजन पुलिस हिरासत में ही होमगार्ड पर टॉर्चर का आरोप बार-बार लगाते दिखे।

शुक्रवार को अस्पताल परिसर में हुए हंगामे और परिजनों व ग्रामीणों का गुस्सा देख शनिवार को सदर अस्पताल के पास पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा। सुरक्षा के लिए एसडीपीओ विकास चंद्र श्रीवास्तव, मुख्यालय डीएसपी मंगल सिंह जामुदा, साइबर डीएसपी नेहा बाला, नगर थाना प्रभारी के अलावा अन्य कई थानेदार, पुलिस पदाधिकारी व काफी संख्या में पुलिसकर्मी डटे रहे। पोस्टमार्टम के बाद पूरी सुरक्षा के बीच मृतक का शव उसके गांव तक भेजा गया।
श्मशान घाट पर मृतक होमगार्ड के शव को अंतिम सलामी दी गयी। शव के अंतिम दर्शन व अंत्येष्टि में देवघर एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा भी शामिल हुए। वहीं देवघर एसडीपीओ विकास चंद्र श्रीवास्तव ने मृतक के शव को कंधा भी दिया।
इधर, मृत होमगार्ड की पत्नी ललीता देवी ने मोहनपुर थाना प्रभारी को एक एसआइ व तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। इसमें पति को प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है।


