

जमशेदपुर।

पंजाब की पुलिस ने जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को में छापेमारी कर एक व्यक्ति इंद्रजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। इंद्रजीत सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट था।

जानकारी के मुताबिक, इंद्रजीत सिंह की बेटी की शादी पंजाब के युवक से हुई थी। विवाह के कुछ दिन बाद ही पति-पत्नी दोनों कनाडा चले गए। ससुराल पक्ष ने इंद्रजीत की पुत्री को पढ़ाने का खर्चा उठाया। कनाडा भिजवाया। 2020 में किसी कारण वश पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। पत्नी ने तलाक ले लिया। वापस अपने घर लौट आई। इस बीच लड़के के पिता ने झबल थाना में धोखाधड़ी की प्राथमिकी इंद्रजीत सिंह पर दर्ज करा दी। बताया कि लड़की की पढ़ाई-लिखाई और कनाडा भेजने में 25 लाख रुपये खर्च हुए। इस खर्च को देने की मांग को लेकर लड़का और लड़की पक्ष के बीच विवाद बढ़ते गए। पारिवारिक विवाद होता रहा। समझौते के प्रयास होते रहे। बात नहीं बनी। पुलिस तक मामला पहुंच गया।

पंजाब के तरण तारन के झबल थाना में आरोपित के खिलाफ उसके दामाद ने धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई। पंजाब पुलिस ने उपस्थिति के लिए कई बार नोटिस आरोपित को भेजा था, लेकिन न कोई जवाब दिया गया और न ही उपस्थित हुए। धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी होने पर इंद्रजीत सिंह की तलाश पुलिस करने लगी। शुक्रवार को पुलिस टेल्को पहुंची। टेल्को थाना की पुलिस से संपर्क किया। स्थानीय थाना की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में प्रस्तुत कर टॉजिक्ट रिमांड पर ले जाने की आदेश् मांगा। अदालत के आदेश पर उसे पंजाब पुलिस साथ ले गई।




