

पाकुड़।

अवैध तरीके से बालू परिवहन पर अंकुश लगाएं, बीजीआर कंपनी में कोयला परिवहन के दौरान हो रहे कोयले की चोरी पर रोक लगनी ही चाहिए। ये बातें पाकुड़ पुलिस अधीक्षक मणिलाल मंडल ने अपने कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में कही।

एसपी ने दिसंबर माह में विभिन्न थाना क्षेत्र में हुई घटना, दुर्घटना आदि की समीक्षा की। लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, पुराना कुर्की-जब्ती का निष्पादन करने, पुराने वारंटियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने कहा कि कोताही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई होगी। एसपी ने नगर थाना, महेशपुर, अमड़ापाड़ा व मालपहाड़ी के थानेदार को निर्देश दिया।
एसपी ने कहा कि सूचना मिल रही है कि ग्रामीण अभी भी डंपरों से कोयला उतार रहे हैं। कोयला चोरी पर अंकुश लगाने के लिए कठोर कदम उठाएं। फरारियों का भौतिक सत्यापन करें। सूचना का अधिकार, मानवाधिकार, पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र सत्यापन, न्यायालय में रिट दायर और सम्मन का ससमय निष्पादन करें। एसपी ने कहा कि ट्वीटर पर प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करें। थाने में पहुंचने वालों से अच्छा व्यवहार करें। जनता की समस्याओं को सुनकर उसका शीघ्र निष्पादन करें।
कोविड-19 को लेकर केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराएं। साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए हाट-बाजार में जागरूकता अभियान चलाएं। पूरे इलाके में प्रचार-प्रसार करें।



