
Ahmedabad: गुजरात के अहमदाबाद में इस्कॉन ब्रिज पर जगुआर ने करीब 25 लोगों को रौंद दिया। 9 लोगों की मौत हो गई और 15 जख्मी हो गए। मरने वालों में पुलिस कॉन्स्टेबल और होमगॉर्ड शामिल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोग 30 फीट दूर जा गिरे। घटना बुधवार की देर रात की है।

पुलिस के मुताबिक, ओवरब्रिज पर महिंद्रा थार कार एक डंपर से पीछे से टकरा गई। इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा थी। तभी कर्णावती क्लब की ओर से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार आ रही जगुआर ने भीड़ को कुचल दिया।


ट्रैफिक विभाग के एसीपी एसजे मोदी ने बताया कि इस घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि अन्य को इलाज के लिए सोला सिविल ले जाया गया है। इस हादसे में जगुआर का ड्राइवर भी जख्मी हो गया। उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ लोग बोनट पर आ गिरे।
पुलिस ने बताया कि जगुआर में दो लड़के और लड़की सवार थे। घटनास्थल पर मौजूद गुस्साए लोगों ने इनके साथ मारपीट भी की। मौके पर कुछ लोगों ने इन्हें बचाया और अस्पताल भेज दिया। कार में बैठी लड़की मौके से गायब हो गई। हालांकि, इनके बारे में ज्यादा जानकारी अब तक सामने नहीं आई है


