
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र की सलोनाटांड़ निवासी आरती पाण्डेय ने अपनी 21 वर्षीय पुत्री हिमानी पाण्डेय के कथित अपहरण एवं 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया है।

मामले में बताया गया है कि हिमानी पाण्डेय 29 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे विद्यालय से लौटने के दौरान लापता हो गई। वह एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत है। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका अब तक कोई पता नहीं चल सका।

शिकायत में आरती पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि जसीडीह थाना क्षेत्र के गिधनी मोड़ निवासी ऋतित्वक सिंह ने उनकी पुत्री का अपहरण किया है। आवेदन के अनुसार आरोपित व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी दे रहा है तथा युवती को दबाव में रखकर 10 लाख रुपये की फिरौती मांग रहा है।
यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपित ने उनके पति के मोबाइल पर फोन कर समय पर फिरौती नहीं देने पर हिमानी की हत्या करने की धमकी दी है। आवेदन में दो मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं।
पीड़िता की मां ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए अपहरण व फिरौती की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुत्री की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने तथा आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


