
Deoghar Power Theft : देवघर जिले के कुंडा थाना में विद्युत चोरी को लेकर प्रशाखा के कनीय प्रबंधक आरपी चौधरी के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। मामले में ईशान अशोक रेसीडेंस (अपार्टमेंट) के प्रबंधक को आरोपित बनाया गया है।

दर्ज मामले में बिजली चोर से विभाग को लगभग 17.28 लाख रुपये की क्षति होने की बात कही गई है। दर्ज मामले में जिक्र है कि झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड रांची के निर्देश के आलोक में विद्युत आपूर्ति प्रशाखा कास्टर टाउन की ओर से विद्युत उर्जा चोरी की रोकथाम को लेकर छापेमारी अभियान चलाया गया।

इस छापेमारी में सहायक विद्युत अभियंता लव कुमार, गुलशन कुमार, ज्ञान प्रकाश पंडित सहित अन्य मानव दिवस कर्मी शामिल थे। छापेमारी अभियान के दौरान करनीबाग मोहल्ला स्थित ईशान अशोक रेसिडेंट (अपार्टमेंट) के परिसर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अपार्टमेंट के ब्लाक-ए, बी व सी से जुड़े सभी उपकरण (लिफ्ट, मोटर लाइट, पंखा आदि) बिना मीटर के अवैध रूप से विद्युत उर्जा का उपभोग करते पाया गया।
तत्काल अपार्टमेंट के सचिव विरेन्द्र कुमार राय के साथ भार की जांच की गई। जिसमें कुल 37 किलोवाट पाया गया।
विद्युत अधिनियम 2003 के तहत धारा-126 के कंडिका 5,6 के तहत झारखण्ड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के लगभग 17, 28,202 रुपये की क्षति हुई है। छापेमारी के दौरान तार को जब्त किया गया।


