
Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र के सिंघवा वाटर फिल्ट्रेशन प्लांट के समीप कुआं से एक युवक का शव बुधवार सुबह बरामद किया गया है। मृत युवक की पहचान सिंघवा मोहल्ला निवासी 24 वर्षीय राहुल महथा के रूप में की गई है।

युवक शादीशुदा था। उसे एक ढ़ाई साल का पुत्र भी है। घटना को लेकर मृत युवक की मां अन्नु देवी ने उसके ससुरालवालों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाई है।

उनका कहना है कि 2020 में राहुल की शादी सिंघवा मोहल्ला की रहने वाले मुस्कान कुमारी से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग भी था। 14 दिसंबर 2024 को राहुल के खिलाफ उसकी पत्नी ने थाना में दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराई थी।
मामला दर्ज कराने के बाद से उसकी पत्नी मायके में जाकर रहने लगी थी। इसके बाद राहुल जब भी वह अपने बच्चे से मिलने ससुराल जाता तो उसके साथ पत्नी सहित सभी ससुरालवाले गाली गलौज करते रहते थे और जान से मारने की धमकी भी देते थे।
25 मार्च को गांव में गंवाली पूजा हो रही थी। उसी दिन के शाम पांच बजे के करीब योजनाबद्ध तरीके से राहुल महथा, रोहित महथा, शिवम महथा, नीकू महथा व दीपक महथा मिलकर मोटरसाइकिल से घुमाने फिल्ट्रेशन प्लांट की ओर ले गया। देर रात जब वह वापस नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन की गई।
इसी क्रम किसी ने बताया कि राहुल (मृत युवक) को सिंघवा फिल्ट्रेशन प्लांट की ओर जाते हुए देखा गया। जब उसके स्वजन फिल्ट्रेशन प्लांट की ओर जाने लगे तभी रास्ते में उसका चप्पल पड़ा हुआ मिला।
खोजबीन के क्रम में कुआं के अंदर उसे देखा गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे कुआं से निकाल कर सदर अस्पताल लाया गया। यहां जांच के उपरांत चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की मां का आरोप है कि हत्या करने के बाद उसे कुआं में फेंक दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को शव सौंप दिया गया। पुलिस मृतक की मां का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


