
Madhupur Assembly Seat : महज 9 दिनों बाद ही मधुपुर विधानसभा सीट के लिए वोट डाले जाएंगे। भाजपा से गंगा नारायण सिंह ताल ठोके यहां डटे हुए हैं। सामने है मंत्री और कद्दावर नेता रहे हाजी हुसैन अंसारी के बेटे हफीजुल हसन अंसारी। जाहिर है विधानसभा पहुंचने की डगर आसान नहीं।

महागठबंधन प्रत्याशी हफीजुल हसन का अल्पसंख्यक, आदिवासी, मूलवासी, पिछड़ा और अनुसूचित जाति में मजबूत पकड़ है। इधर गंगा नारायण आस लगाए जनता के दरवाजे पर जा रहे हैं। भरोसा जाता रहे हैं कि उन्हें सभी वर्ग अबकी सदन में भेज कर जन सेवा का मौका देंगे।

15 सालों से विधायक बनने के लिए गंगा नारायण सिंह लगातार क्षेत्र में संघर्ष कर रहे हैं। गंगा नारायण सिंह 2009 में पहली बार मधुपुर विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उतरे थे तब 2600 वोट मिला था। वर्षों समाज सेवा कर जनता के बीच वह जमे रहे।
2019 में आजू की टिकट पर चुनाव लड़े तो 40000 से भी अधिक वोट मिले और तीसरा स्थान पाया। 2021 के उपचुनाव में तीसरी बार भाजपा के टिकट पर लड़े और 105491 मत प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहे।
मधुपुर विधानसभा से गंगा नारायण सिंह चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं। गंगा नारायण के समर्थन में 13 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रचार करने पहुंच रहे हैं। गोड्डा सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे समेत और दिग्गज नेताओं का भी उन्हें सपोर्ट है।
इधर हफीजुल हसन अपने विकास कार्य और मधुपुर की शांति और भाईचारगी कायम रखने के लिए जनता का आशीर्वाद मांग रहे हैं।
अब जनता 20 नवंबर को तय करेगी की किसे झारखण्ड विधान सभा भेजना है.


