
Deoghar: देवघर शहर के पटेल चौक पर ठेला पर चटपटी बेचने वाले विकास नगर निवासी रामसेवक बरनवाल को बदमाशों ने चाकू मारकर जख्मी कर दिया। चाकू दुकानदार के कांधे पर लगी। जिससे वह जख्मी हो गया।

वहीं घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित घायल हालत में नगर थाना पहुंचा। यहां उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। सदर अस्पताल में उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

जख्मी काफी गहरा नहीं होने की वजह से उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पीड़ित ने बताया कि रोजाना की तरह वह अपना ठेला लगाने पटेल चौक पहुंचा था। यहां दुकानदारी कर ही रहा था कि उसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और दो सौ रुपये प्रतिदिन रंगदारी देने की मांग की।

उसमें एक युवक के हाथ में पिस्तौल भी था। रंगदारी देने से इंकार करने पर एक युवक पीछे से आकर उसके कांधे पर चाकू मार दिया।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व सावन मेला के दौरान भी उससे रंगदारी मांगी गई थी लेकिन उस दौरान पटेल चौक पर पुलिस की तैनाती की वजह से बदमाश अपने इरादे में सफल नहीं हो सके। पुलिस दोनों बदमाशों की तलाश में जुट गई है।


