
Deoghar: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के 12 जुलाई को देवघर दौरे और 14 जुलाई से शुरू हो रहे विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन (Chief Minister Hemant Soren) ने रविवार को वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक देवघर में की। उन्होंने प्रधानमंत्री के विभिन्न कार्यक्रमों में सुरक्षा को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने श्रावणी मेला की तैयारियों की भी अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नगरी में आने वाले कांवरियों की सुविधा के लिए जो व्यवस्थाएं अभी तक अधूरी हैं, उसे तत्काल पूरा करें। उन्होंने कांवरिया पथ में नवनिर्मित आध्यात्मिक भवन में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसमें चिकित्सकों, पारा मेडिकल कर्मियों, एंबुलेंस और अनिवार्य दवा की व्यवस्था 24 घंटे रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 की वजह से दो वर्षों बाद श्रावणी मेले का आयोजन हो रहा है। ऐसे में इस मेले के भव्य, सफल और यादगार आयोजन में आपकी अहम जिम्मेदारी है ।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, प्रभारी मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की प्रधान सचिव वंदना डाडेल, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ अमिताभ कौशल, एडीजी संजय आनंद लाटकर, संथाल परगना के पुलिस महानिरीक्षक और देवघर के उपायुक्त समेत कई अधिकारी मौजूद थे।


