
नई दिल्ली: शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में बीएसईएस का जूनियर इंजीनियर प्रेमिका का जन्मदिन मनाने के लिए लुटेरा बन गया। उसने बुलेट बाइक पर सवार होकर एक महिला के कानों के रिंग झपट लिये। बाद में उनको एक सुनार को बेचकर जन्मदिन मना लिया। पुलिस ने छानबीन की तो आरोपी तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित की पहचान ज्योति नगर निवासी मोहित गौतम उर्फ लव (31) के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसके पास प्रेमिका का जन्मदिन मनाने के लिए रुपये नहीं थे। परिजनों ने भी जब रुपये देने से इनकार कर दिया तो वह लुटेरा बन गया। आरोपित को शराब पीने की भी लत है। पुलिस ने आरोपित इंजीनियर के पास से वारदात में इस्तेमाल उसकी बुलेट बाइक बरामद की है। मानसरोवर पार्क थाना पुलिस पकड़े गए आरोपित से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

शाहदरा जिले के डीसीपी आर.सत्यसुंदरम ने बताया कि 23 जुलाई को एक महिला ने कानों के कुंडल लूटे जाने की शिकायत एमएस पार्क थाने को थी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। कैमरे में आरोपित बुलेट बाइक पर मास्क लगाए हुए वारदात को अंजाम देता दिखाई दिया।
इसके अलावा बाइक की नंबर प्लेट भी सफेद रंग की ब्लैंक थी। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि वारदात को अंजाम किसी लोकल व्यक्ति ने ही दिया है। इस आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
छानबीन के दौरान 25 जुलाई को जगतपुरी शराब की दुकान के पास पुलिस ने एक बुलेट बाइक को जांच के लिए रोका। बाइक की नंबर प्लेट पीछे से ब्लैंक थी। शक के आधार पर पुलिस ने आरोपित को पकड़ा और उससे पूछताछ की गई। कुछ ही देर की पूछताछ के बाद आरोपित ने महिला के साथ झपटमारी की बात कबूल कर ली।
पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह बीएसईएस में जेई है। उसे नशे की लत भी है। 25 जुलाई को उसकी प्रेमिका का बर्थडे था, लेकिन उसके पास रुपयों की कमी थी। पिता ने आरोपित को रुपये देने से मना कर दिया था। आरोपित ने बताया कि उसने सोने के रिंग लूटने के बाद सुरेंद्र नामक ज्वेलर को अशोक नगर में बेच दिया था। पुलिस अब आरोपित सुरेंद्र की तलाश कर रही है।



