
नई दिल्ली: दिल्ली में गुरुवार रात को एक फोन कॉल ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। असल में फोन करने वाले ने बात ही कुछ ऐसी कही थी। मामला दिल्ली के खजूरी खास इलाके का है। यहां 22 साल के एक शख्स ने पुलिस को फोन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जान से मारने की धमकी दी।

इस कॉल के आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। धमकी वाले इस कॉल के बाद दिल्ली पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने सबसे पहले तुरंत उस नंबर को टेक्निकल सर्विलांस पर लगा दिया, जिससे धमकी भरा फोन कॉल आया था। जांच के बाद पुलिस ने खजूरी खास थाना इलाके से सलीम नाम के शख्स को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार ये फोन सलीम नाम के एक व्यक्ति ने किया था। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और वो जमानत पर बाहर था। कथित तौर पर सलीम ने पुलिस को बयान दिया है कि वह वापस जेल जाना चाहता था, इसलिए उसने इस हरकत को अंजाम दिया।
नशे का आदी है आरोपी, हाल ही में जेल से आया था बाहर
इस बारे में पुलिस ने बयान जारी कर कहा है कि “आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया वह नशे का आदी प्रतीत होता है। पूछताछ में सलीम ने पुलिस को बताया कि वह वापस जेल जाना चाहता था. इसी के चलते उसने पीसीआर पर इस तरह की कॉल की, उसे अन्य विवरणों का पता लगाने के लिए चिकित्सा परीक्षण के लिए भेजा गया है।”
लेकिन ये पहली बार नहीं है जब किसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जान से मारने की धमकी दी हो। गौरतलब है कि पिछले साल, नोएडा पुलिस ने एक 33 वर्षीय व्यक्ति को आपातकालीन नंबर “100” पर कॉल करने और पीएम मोदी को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के बाद गिरफ्तार किया था। हरभजन सिंह के रूप में पहचाने गए आरोपी को सेक्टर 66 से गिरफ्तार किया गया था। “हरभजन ने 100 नंबर पर फोन किया था और प्रधानमंत्री को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। लोकल फेज़ -3 पुलिस स्टेशन ने तत्परता दिखाते हुए इस व्यक्ति को ममुरा से गिरफ्तार किया गया था।


