
नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार की शाम एक डिजिटल प्रेसवार्ता की। जिसमें केजरीवाल ने वैक्सीन की कमी पर अपनी बातों को रखा। उन्होंने कहा कि कोरोना के ख़िलाफ़ लड़े जा रहे इस युद्द में देश के हर व्यक्ति को वैक्सीन लगाने के लिए हमें राज्यों में बंटकर नहीं बल्कि एकजुट भारत के तौर पर आगे बढ़ना होगा। केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि अगर पाक से जंग हुई तो क्या राज्य अपने-अपने टैंक खरीद कर लड़ेंगे?

सीएम केजरीवाल ने अपने पीसी में कहा कि दिल्ली में वैक्सीन खत्म हो चुकी है। पिछले चार दिनों से 18 साल से 44 साल वालों के लिए वैक्सीन नहीं है। सेंटर बंद हो रहे हैं। यह हालात सही नहीं है। ऐसे में खतरा बढ़ने की संभावना है। उन्होंने आगे बताया कि यह सिर्फ दिल्ली के हालात नहीं है पूरे देश में यही हाल है। जब हमें नए सेंटर खोलने चाहिए थे तब हम पुरानों को भी बंद कर रहे हैं क्योंकि वैक्सीन की कमी हो रही है। यह सही नहीं है।
वैक्सीन विदेश भेजने पर सवाल

सीएम ने कहा कि कोरोना की दूसरी वेब बहुत घातक साबित हुई है। देश भर में न जाने कितने ही परिवार बर्बाद हो गए। हम इसे रोक सकते थे, लेकिन देश ने छह माह खराब कर दिए। कोरोना से बचाव के लिए जो वैक्सीनेशन हमें छह माह पहले शुरू कर देना चाहिए था, हम अब कर रहे हैं। सबसे पहली वैक्सीन भारत के वैज्ञानिकों ने बनाई, लेकिन हम अपने यहां वैक्सीनेशन शुरू करने के बजाए दूसरे देशों को वैक्सीन भेजने में लग गए।
वैक्सीन के लिए दो माह से लगे हुए हैं
जो वैक्सीन केंद्र सरकार को उपलब्ध करानी चाहिए थी, उसके लिए राज्यों को कह दिया गया कि वे अपने स्तर पर व्यवस्था कर लें। दो माह से सभी राज्य वैक्सीन का जुगाड़ करने में लगे हुए हैं, लेकिन काेई कामयाब नहीं हो पाया। ग्लोबल टेंडर भी सभी फेल हो गए।
भारत पाकिस्तान में जंग हो तो सभी राज्य अपने टैंक खरीद कर लड़ेंगे?
सीएम ने कहा कि आज अगर पाकिस्तान भारत पर आक्रमण कर दे तो केंद्र सरकार यह नहीं कह सकती कि सभी राज्य अपने अपने टैंक खरीद लें। उन्होंने कहा कि अगर ये युद्ध देश हारा तो भाजपा नहीं, देश हारेगा। इसी तरह कोरोना से जंग में भी भाजपा, आम आदमी पार्टी या शिवसेना नहीं बल्कि देश ही हारेगा। यह समय एकजुट होकर काम करने का है। जो काम केंद्र सरकार का है, वह उसे करना ही पड़ेगा। राज्यों को जो जिम्मेदारी दी जाएगी, वह भी निभाएंगे। मैं प्रधानमंत्री जी से अनुरोध करना चाहता हूं कि केंद्र सरकार राज्यों को वैैक्सीन मुहैया कराए। वैक्सीन लगाना फिर राज्यों की जिम्मेदारी है।


