New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने (Prime Minister Narendra Modi) जम्मू-कश्मीर के कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर (Vaishno Devi Temple) परिसर में हुई भगदड़ (Stampede) में मारे गए श्रद्धालु के लिए मुआवजे की घोषणा की है। प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार का मुआवजा दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। घटना के संबंध में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सांसद जितेंद्र सिंह बात की और स्थिति का जायजा लिया।
गृह मंत्री ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई दुखद दुर्घटना से हृदय अत्यंत व्यथित हैं। इस संबंध में उनकी जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात हुई है। प्रशासन घायलों को उपचार पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। इस हादसे में जान गँवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह के अनुसार कटरा के माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में 12 लोगों की मौत हुई और 13 घायल हुए हैं। घटना लगभग 2:45 बजे हुई और प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार मामूली झगड़े के बाद लोगों ने एक-दूसरे को धक्का दिया, जिसके बाद भगदड़ मच गई।