
नई दिल्ली: कोरोना महामारी (Corona Virus) को लेकर केंद्र सरकार ने एक बार आगाह किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) के सचिव राजेश भूषण ने गुरुवार को कहा कि पिछले 24 घंटों में देश में 23 हज़ार के लगभग मामले दर्ज़ किए गए।

पिछले हफ्ते दर्ज किए गए कुल मामलों में से 60 फीसद केरल में दर्ज़ हुए। केरल (Kerala) में अभी भी एक लाख से ज्यादा सक्रिय मामले हैं जो देश के कुल सक्रिय मामलों का 52 फीसद है। उन्होंने यह भी कहा कि त्योहारी सीजन में लोगों को खास एहतियात बरतने की जरूरत होगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि अभी भी देश में हर रोज 15-16 लाख टेस्ट किए जा रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि पोजिटिविटी रेट में गिरावट आ रही है। यह लगातार 13वां हफ्ता है जब साप्ताहिक पॉजिटिविटी तीन फीसद से कम रही है। जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आ रहे हैं, हम सभी से भीड़ से बचने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और फेस मास्क का उपयोग करने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से गुजारिश की कि वे कोविड को लेकर उचित व्यवहार को बनाए रखते हुए त्योहार मनाएं।
उन्होंने कहा कि महामारी अभी गई नहीं है। मौजूदा वक्त में देश में ऐसे 48 ज़िले है जहां पाजिटिविटी पांच फीसद से ज्यादा है। इसमें से 18 ज़िले ऐसे हैं जहां पॉजिटिविटी 5 से 10 फीसद के बीच है। ऐसे 30 ज़िले हैं जहां पाजिटिविटी 10 फीसद से ज्यादा है।



