
नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भारत में सोमवार को एक दिन में रिकॉर्ड 69 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन (India Record Covid Vaccination) लगाई गई। देश में 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों के लिए कोराना वैक्सीन मुफ्त दिए जाने के पहले दिन ही ये रिकॉर्ड बना है।

सरकार ने 21 जून से टीकाकरण कार्यक्रम (Vaccination Drive) को तेज गति देने का ऐलान किया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) की ओर से सोमवार को दी गई जानकारी में कहा गया है कि कोविड वैक्सीनेशन की नई संशोधित गाइडलाइन जारी होने के पहले दिन यह रिकॉर्ड बना है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि सोमवार को शाम तक 69 लाख से ज्यादा वैक्सीन डोज लगाई गई हैं। यह एक दिन में कोविड वैक्सीनेशन का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। इससे पहले दो अप्रैल को 42 लाख 61 हजार से ज्यादा वैक्सीन डोज लगाई गई थीं।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Pm Narendra Modi) ने राष्ट्र के नाम संबोधन दिया और वैक्सीनेशन का पूरा भार केंद्र द्वारा उठाने का ऐलान किया। नई नीति के तहत केंद्र सरकार ने 75 फीसदी वैक्सीन खुद खरीदने का निर्णय़ किया है, जबकि 25 फीसदी प्राइवेट सेक्टर के लिए छोड़ दी है।


