
चेन्नई: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास के पूर्व छात्रों ने देश में कोरोना संक्रमितों की मदद करने के लिए दो मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की राशि जुटाई है। इसका इस्तेमाल देश में कोरोना संकट का सामना करने वाले मरीजों के लिए उपकरण खरीदने के लिए किया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने ब्लैक फंगस की दवा खरीदने के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

आईआईटी मद्रास में डीन महेश पंचगनुला ने बताया कि राहत राशि जुटाने के लिए आईआईटी मद्रास एलुमनी एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका और आईआईटीएम फाउंडेशन अमेरिका की भी सहायता ली गई। आईआईटी मद्रास के पूर्व छात्रों के प्रयास से दो मिलियन अमेरिकी डॉलर की राशि जुटाई गई है। इस राशि से 200 से अधिक ऑक्सीजन कांस्ट्रेटर पहले ही ग्रेटर चेन्नई नगर निगम को सौंपे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में भी संस्थान ने अपने कर्मचारियों व छात्रों के लिए कोरोना राहत कार्य के लिए 96 लाख रुपये जुटाए थे।

इसी बीच जानकारी मिली है कि राज्य सरकार ने राज्य में ब्लैक फंगस के रोगियों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री जनराहत कोष (सीएमपीआरएफ) से 25 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इस धन से ब्लैक फंगस की दवा एम्फोटेरिसिन बी और अन्य दवाओं की खरीद की जायेगी।


