नई दिल्ली।
मशहूर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन जोंस का निधन हो गया है। डीन जोंस अपनी शानदार बल्लेबाजी और रिटायरमेंट के बाद अपनी कमेंट्री के लिए मशहूर थे। डीन जोंस ने 59 साल की उम्र में मुंबई में आखिरी सांस ली। डीन जोंस स्टार स्पोर्ट्स की कमेंट्री टीम का हिस्सा थे। वह आईपीएल में कमेंट्री कर रहे थे। डीन जोंस की मौत की वजह दिल का दौरा है।
डीन जोन्स यूएई में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए मुंबई से टिप्पणी कर रहे थे। वह सोशल मीडिया पर भी बहुत सक्रिय थे। उन्होंने गुरुवार को अंतिम सांस ली।
डीन जोंस कई देशों के कोच भी रह चुके हैं साथ ही वो कमेंटेटर भी थे। डीन जोंस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट व वनडे क्रिकेट खेला था। उनके नाम पर टेस्ट क्रिकेट में कई बेहतरीन रिकॉर्ड दर्ज हैं तो वहीं वो वनडे क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी व शानदार फील्डिंग के लिए जाने जाते थे।
डीन जोंस को 80 के दशक के आखिरी में तो वहीं 90 की दशक के शुरुआत में उन्हें दुनिया के बेस्ट वनडे बल्लेबाजों में शुमार किया जाता था। वो स्पिनर व तेज गेंदबाज दोनों के खिलाफ ही बेहतरीन बल्लेबाज थे। विकेटों के बीच रनिंग के मामले में उन्हें गजब का माना जाता था। साल 2019 में उन्हें ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था।
डीन जोन्स को ऑस्ट्रेलिया के सबसे महान खिलाड़ियों और क्षेत्ररक्षकों में से एक माना जाता है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 52 टेस्ट और 164 वनडे खेले। उनका उच्चतम स्कोर टेस्ट में 216 और वनडे में 145 है।
उन्होंने टेस्ट में 46.55 की औसत से 3631 रन बनाए हैं। इसमें 11 शतक और 14 अर्द्धशतक शामिल हैं। एकदिवसीय क्रिकेट में, उन्होंने 44.61 के शानदार औसत से 6068 रन बनाए हैं, जिसमें सात शतक और 46 अर्द्धशतक शामिल हैं। उन्होंने टेस्ट में 34 कैच और वनडे में 54 कैच लिए। उन्होंने 245 प्रथम श्रेणी मैचों में 19188 रन भी बनाए, उनका उच्चतम 334 है।