नई दिल्ली।

देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच रेलवे 12 सितंबर से 40 जोड़ी नई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू करेगा. पीयूष गोयल की अगुवाई वाले भारतीय रेलवे ने 12 सितंबर से 80 IRCTC स्पेशल ट्रेनों को चलाने का फैसला किया है.इसकी जानकारी रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने दी. उन्होंने बताया कि 40 जोड़ी नई स्पेशल ट्रेनों के लिए 10 सितंबर से रिजर्वेशन शुरू किया जाएगा.
क्लोन’ ट्रेन चलाई जाएगी

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनोद कुमार यादव ने शनिवार को बताया कि भारतीय रेलवे 12 सितंबर से 80 नई विशेष ट्रेनें शुरू करने जा रही है. इन नई ट्रेनों के लिए यात्री 10 सितंबर से रिजर्वेशन करा सकेंगे. उन्होंने बताया कि विशेष ट्रेनों के परिचालन की निगरानी की जाएगी और जहां भी ट्रेन की मांग होगी या लंबी प्रतीक्षा सूची होगी, वहां ‘क्लोन’ ट्रेनें चलायी जाएंगी.

वीके यादव ने आगे कहा कि क्लोन ट्रेनों का कॉन्सेप्ट भारतीय रेलवे की ओर से प्रयोग के तौर पर पेश किया जा रहा है. अगर क्लोन ट्रेनों का कॉन्सेप्ट सफल रहता है तो इसे एक बार रेगुलर पैसेंजर ट्रेन सेवाओं के दोबारा शुरू होने पर इस्तेमाल किया जा सकता है. इसका लक्ष्य वेटिंग लिस्ट में पंक्ति को कम करना और आखिर में वेटिंग लिस्ट को डिमांड पर ट्रेनों की मदद से खत्म करना है.
झारखण्ड में भी तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलेगी, जिसमें धनबाद से फतेहपुर, देवघर से अगरतल्ला और मधुपुर से दिल्ली जाने-आने वाली ट्रेन शामिल है.
कौन-कौन से रूट पर चलेंगी 80 स्पेशल ट्रेन
कोटा से देहरादून के लिए नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन रोजाना चलाई जाएगी.
जबलपुर से राजस्थान के अजमेर तक जाने वाली दयोदय एक्सप्रेस ट्रेन रोजाना चलाई जाएगी.
पुरी से दुर्ग के लिए भी रोजाना ट्रेन चलाई जाएगी.
दिल्ली से लखनऊ के लिए शताब्दी चलेगी. इस ट्रेन का नंबर 02004 है.
प्रयागराज से जयपुर के लिए 02403 एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी.
खजुराहो से कुरुक्षेत्र के लिए 01841 नंबर वाली एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी.
कानपुर से भिवानी के लिए एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी.
पुरी से अहमदाबाद के लिए एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी.
वाराणसी से दिल्ली के लिए बन्दे भारत एक्सप्रेस शुरू होगी.
ट्रेनों की पूरी लिस्ट


इन नई स्पेशल ट्रेनों से पहले भारतीय रेलवे 230 IRCTC स्पेशल ट्रेनें पहले से चला रहा है. इससे पहले भारतीय रेलवे ने मई में IRCTC स्पेशल ट्रेनों को पहली बार शुरू किया था.
इससे पहले रेलवे ने परीक्षा स्पेशल ट्रेनें भी शुरू की, जिससे परीक्षा देने वालों को काफी राहत मिली. रेलवे ने JEE Mains, NEET, NDA और अन्य परीक्षा देने वाले छात्रों की सुविधा के लिए राजस्थान में 4 सितंबर से 15 सितंबर के बीच 4 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला लिया था. दूसरी ओर एनडीए और एनए के परीक्षार्थियों के लिए 23 मार्गों पर चार से छह सितंबर तक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही हैं. वहीं बिहार के लिए भी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलायी जा रही हैं. जो दो से 15 सितंबर तक चल रही हैं. दरअसल रेलवे ने नीट और जेईई के अभ्यर्थियों को परीक्षा वाले दिन मुंबई में विशेष उपनगरीय सेवाओं का लाभ उठाने की अनुमति देने के एक दिन बाद बिहार में इन परीक्षाओं में शामिल होने वालों की सुविधा के लिए दो से 15 सितंबर तक 20 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया.
रेलवे की दशहरा, दिवाली और छठ पूजा के लिए योजना
गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए ट्रेनों के परिचालन पर ब्रेक लगा दिया गया था. लेकिन अब अनलॉक में ट्रेनों को फिर से शुरू किया गया है.
फिलहाल, ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट है। दशहरा, दिवाली और छठ के लिए ट्रेनों की भारी मांग है। इस मांग को पूरा करने के लिए रेलवे 80 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, पटना, दिल्ली मार्ग पर स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।



