
छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गोबर चोरी हो जाने का अनूठा मामला सामने आया है। इस मामले में थाने में केस भी दर्ज कराया गया है और पुलिस इस जाँच-पड़ताल करने में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि चोरी हुए 800 किलो गोबर की कीमत 1,600 रुपया है।

जानकारी के मुताबिक धुरेना गांव के दीपका पुलिस थाना क्षेत्र में चोरी की यह घटना 8-9 जून की रात की है। मामले में 15 जून को कमहान सिंह कंवर ने शिकायत दर्ज कराई है।

बताया जाता है कि रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों ने यहां रखे करीब 1600 रुपये मूल्य के गोबर की चोरी कर ली। स्वयं सहायता समूह व गोठान समिति की रिपोर्ट पर दीपका पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 379 के तहत मामला दर्ज किया है। बता दें कि गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर केंचुआ खाद का निर्माण स्वसहायता समूह की ओर से किया जाता है। समूह ने इस कार्य के लिए वर्मी टांका में गोबर भरकर रखा था।
दीपका थाने के एसएचओ हरिश तांडेल्कर ने बताया है कि कमहान सिंह कंवर गांव के गोधन न्याय योजना के प्रमुख हैं और उन्हीं की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किये जाने के बाद मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।


