नई दिल्ली।

डिजिटल लेनदेन के लिए भीम यूपीआई (BHIM UPI) का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए अब इस भुगतान प्लेटफॉर्म एक नई सुविधा जोड़ी गई है। इस नई सुविधा की मदद से ग्राहक अपने लंबित लेनदेन की स्थिति का पता लगाने के साथ ही शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने भीम यूपीआई पर ‘यूपीआई हेल्प’ (UPI Help) को चालू किया है।



ग्राहक अपने लंबित लेनदेन की स्थिति का पता लगाने, लेनदेन संबंधी शिकायतों के लिए यूपीआई हेल्प का इस्तेमाल कर सकेंगे। APP में मर्चेंट लेनदेन के लिए शिकायत करने की सुविधा भी होगी।
एनपीसीआई ने कहा कि यह कदम आरबीआई (RBI) द्वारा ग्राहक के अनुकूल और पारदर्शी निवारण तंत्र बनाने के दिशानिर्देशों के अनुरूप है। एनपीसीआई ने शुरुआत में इस सुविधा को भीम ऐप पर भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के ग्राहकों के लिए चालू किया है। एनपीसीआई ने कहा कि यूपीआई का इस्तेमाल करने वाले अन्य बैंकों के ग्राहक भी आगामी महीनों में इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे।





