Patna: राजधानी पटना के दानापुर में मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर दियारा में गंगा घाट पर अवैध बालू खनन में लगी एक नाव में एलपीजी सिलेंडर फटने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विस्फोट सिलेंडर से एलपीजी के रिसाव के कारण हुआ, जब उसका एक नाविक मोटरबोट पर खाना बना रहा था।
रामपुर तोफिर के मुखिया पुत्र संजय सिंह के अनुसार नाव में 20 लोग सवार थे। उन्होंने पांच लोगों के मरने की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि मनेर थाना क्षेत्र के रामपुर पतीला घाट के पास नाव पर खाना बनाते समय सिलेंडर फट गया, जिसमें चार मजदूरों की झुलसने से मौत हो गयी। नाव पर 20 लोग सवार थे। डर से नाविक मृतकों को लेकर नदी में भाग गया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। मनेर पुलिस का कहना है कि शव बरामद होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कितने लोगों की मौत हुई है।
मोटरबोटों का उपयोग आमतौर पर रेत के परिवहन के लिए किया जाता है। इस क्षेत्र में अधिकांश नाव रेत माफिया द्वारा चलाई जाती हैं।