
पटना: बिहार लोक सेवा आयोग ने 64वीं का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा से राज्य को 1465 सीटों के बदले 1454 अधिकारी मिले हैं। बिहार प्रशासनिक सेवा के अनुमंडल पदाधिकारी व वरीय उप समाहर्ता के 28, बिहार पुलिस सेवा के 40, वाणिज्य कर पदाधिकारी 10, बिहार कारा सेवा के काराधीक्षक दो, आपूर्ति निरीक्षक 223, राजस्व अधिकारी एवं समकक्ष 571, नगर कार्यपालक पदाधिकारी सात, प्रखंड पंचायत पदाधिकारी के 133 पद पर नियुक्ति की गई है। बीपीएससी की इस भर्ती परीक्षा के लिए 4 लाख 71 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया था।

आयोग से मिली जानकारी के अनुसार सामान्य वर्ग के लिए कट ऑफ मार्क्स 535, सामान्य महिला के लिए 513, एससी 490, एससी महिला 490, एसटी 514, एससी महिला 513, ईबीसी 516, इबीसी महिला 495, पिछड़ा वर्ग 535, पिछड़ा महिला 511 कटऑफ मार्क्स पर सफल हुए।
रात 8 बजे के बाद BPSC 64th Final Result ऐसे करें चेक
- बीपीएससी की ऑफिशियल वेबसाइट bpsc.bih.nic.in पर जाएं.
- वेबसाइट पर दिए गए Final Results: 64 Combined Competitive Examination. के लिंक पर क्लिक करें.
- अब एक पीडीएफ ओपन होगी.
- अपना नाम चेक करें, अगर इसमें आपका नाम है तो आप पास हो गए हैं.
चार साल के बाद मुकाम पर भर्ती प्रक्रिया

यह भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2017 में शुरू हुई थी। पिछले साल कोरोना के रूप में नई और खतरनाक महामारी सामने आने के बाद इसके साक्षात्कार में विलंब हुआ तो इस साल दूसरी लहर के खतरनाक रूप अख्तियार करने के कारण रिजल्ट जारी होने में विलंब हुआ। बीपीएससी 64वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए साक्षात्कार इसी साल फरवरी महीने तक आयोजित किया गया। कोरोना महामारी के बीच अभ्यर्थियों को थोड़ी-थोड़ी संख्या में शामिल करते हुए साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। इसी बीच दिव्यांग कोटि के कुछ अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र पर पेंच फंसने के बाद उनकी मेडिकल जांच कराई गई।


