रांची।
पिछले एक सप्ताह से ओरमांझी से बरामद युवती की सिर कटी शव की गुत्थी को सुलझाने में जुटी रांची पुलिस अब मामले के करीब पहुंचती नजर आ रही है।
ओरमांझी हत्याकांड मामले में रांची पुलिस को पिठौरिया के चंदवे ग्राम निवासी शेख बेलाल की तलाश है। पुलिस ने संदिग्ध की तस्वीर जारी की है। साथ ही युवक का सुराग देनेवालों को नगद पुरस्कार देने की भी घोषणा की है।
चान्हो थाना क्षेत्र के चटवल गांव के एक दंपती ने सिर कटी लाश की पहचान अपनी बेटी के रूप में की है। दंपति के अनुसार लाश उनकी बेटी सूफिया परवीन की है जो लगभग दो माह से गायब थी। 10 माह पहले उसने प्रेम विवाह किया था। लेकिन दो माह पहले लौट कर गांव आ गई थी। बेलाल से भी उसकी दोस्ती थी। पिछले एक साल से दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था। बेलाल एक साल पहले जेल गया था और उसे आशंका थी कि सूफिया ने ही उसे जेल भिजवाया है। सूफिया पिछले लगभग दो महीने से अपने घर से गायब थी। लेकिन उसके परिजनाें ने चान्हाे थाना कोई सूचना नहीं दी थी।
संदिग्ध शेख बेलाल की तलाश अब पुलिस सरगर्मी से कर रही है। पुलिस ने उसकी तस्वीर भी जारी की है। रांची पुलिस ने कहा कि बिलाल का सुराग देनेवालों को उचित पुरस्कार दिया जायेगा। बिलाल पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। रांची पुलिस ने कहा आरोपी को अगर कोई व्यक्ति या संगठन आश्रय देगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि गत 3 जनवरी को पुलिस ने रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित जिराबार पलाश पतरा जंगल से एक युवती का सर कटा शव बरामद किया था। युवती की निर्मम हत्या की गयी थी, उसके निजी अंगों पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए थे। हालांकि, युवती के सिर की तलाश अबतक जारी ही है। पहचान को लेकर दावा करने वाले चान्हो परिवार के सदस्यों का डीएनए सैंपल पुलिस ने लिया है।