Patna: बिहार में अक्टूबर माह के चौथे सप्ताह से गुलाबी ठंड का एहसास होने लगेगा। गया और मोतिहारी से मानसून (Monsoon) की वापसी होने से अब ठंड को लेकर संभावना बनने लगी है। मानसून की वापसी होते ही पश्चिमी हवाएं चलनी शुरू होंगी जिससे सुबह शाम की ठंड शुरू हो जाएगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून रेखा गया, मोतिहारी, अंबिकापुर, इंदौर, गांधीनगर होते हुए पोरबंदर की तरफ जा रहा है। इससे बिहार के अधिकांश हिस्से में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की वापसी से हवा के रुख में भी धीरे-धीरे बदलाव होना शुरू हो गया है। पूर्व की तरफ से बहने वाली हवाएं पश्चिम और उत्तर पश्चिम दिशा से चल रही है। हिमालय से आने वाली ठंडी हवाएं देश के मैदानी हिस्से को प्रभावित कर रही हैं। इसके प्रभाव से बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड में अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से सुबह-शाम मौसम हल्का सर्द होने का अनुमान है, हालाकि ठंड का प्रभाव नवंबर में देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की वापसी के साथ ही पश्चिमी हवाओं का प्रवाह अब धीरे-धीरे शुरू हो गया है। तापमान में गिरावट होगी। नवंबर से ठंड का प्रभाव देखने को मिलेगा लेकिन अक्टूबर माह के चौथे सप्ताह से गुलाबी ठंड होगी। दिन और रात का पारा अब धीरे-धीरे कम होने लगेगा।