रांची/देवघर।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड की बड़ी आबादी को रौशनी की सौगात दी है। सीएम हेमन्त सोरेन ने गढ़वा, गोड्डा, गिरिडीह और देवघर के सुपर पावर ग्रिड का ऑनलाइन उद्घाटन किया। रांची के प्रोजेक्ट भवन से सीएम पावर ग्रिड का ऑनलाइन उद्घाटन किया।
19 वर्षों के बाद गढ़वा जिले को यह सौगात मिली है, जिसके बाद जिले में बिजली की समस्या दूर हो जायेगी। इसके साथ ही सीएम ने ट्रांसमिशन लाईन का भी ऑनलाइन उद्घाटन किया।
इसके साथ ही गोड्डा, गिरिडीह और देवघर में बने पावर ग्रिड का उद्घाटन किया. देवघर के जसीडीह में ऑनलाइन माध्यम से पावर सब स्टेशन जसीडीह एवं दुमका- देवघर संचरण लाइन का उदघाटन किया गया। इस मौके पर उपायुक्त कमलेश्वर प्रसाद सिंह, कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल, देवघर उपस्थित थे। उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गई कि ऊर्जा विभाग, झारखण्ड सरकार द्वारा जसीडीह में 220/132/33 के.वी. का पावर सब स्टेशन एवं 220 के.वी. का दुमका जसीडीह संचरण लाइन जो कि 74.3 कि. मी. है का निर्माण कराया गया है। उनके द्वारा बताया गया कि इस ग्रिड की क्षमता 400 एम.वी.ए. होगी, जिसे बनाने में कुल 137 करोड़ की लागत आयी है एवं इसे मेसर्स उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, लखनऊ एवं मेसर्स जैक्सन लिमिटेड, नोएडा द्वारा पूर्ण किया गया है।