रांची: झारखंड में कोरोना संक्रमण तेज़ी से फ़ैल रहा है। जिसकी चेन तोड़ने के लिए झारखंड सरकार ने आंशिक लॉकडाउन छह मई की सुबह तक लगा रखा था। अब कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड सरकार ने लॉकडाउन की अवधि को एक बार फिर एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया है। राज्य में अब आंशिक लॉकडाउन 13 मई सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा। वहीं पूर्व के आदेश में जारी पाबंदियों को यथावत रखा गया है।
राज्य में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने बुधवार को आपदा प्रबंधन प्राधिकार की उच्चस्तरीय बैठक में यह बड़ा फैसला लिया है। अब 13 मई तक झारखंड में लॉकडाउन प्रभावी रहेगगा। इस दौरान पूर्व की तमाम बंदिशें लागू रहेंगी। सभी दुकानें दिन के दो बजे तक ही खुलेंगी। बैंक भी दोपहर दो बजे तक ही खुला रहेगा। एटीएम को अनिवार्य सेवाओं में गिनते हुए दिन-रात खुला रखने की छूट दी गई है। सरकार ने मानसून पूर्व की तैयारियों को देखते हुए इस बार वन विभाग को खासी छूट दी है। वन विभाग के दफ्तर बरसात के पूर्व पौधारोपण को लेकर खुला रखा गया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य में अभी भी संक्रमण की गंभीर स्थिति है। जिसे देखते हुए पूर्व में जारी आंशिक लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। सीएम ने राज्यवासियों से अपील की है कि वे इस लॉकडाउन का पालन सख्ती से करें।
बता दें कि आंशिक लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने से ठीक पहले मुख्यमंत्री ने राजधानी रांची का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। शहर भ्रमण के बाद उच्चस्तरीय बैठक कर मुख्यमंत्री ने आंशिक लॉकडाउन को बढ़ाने का फैसला किया है।
झारखंड में तीसरे चरण के लॉकडाउन में वर्तमान में जो प्रतिबंध लगाए गए हैं, वह अगले एक सप्ताह तक जस के तस जारी रहेंगे। राज्य में पहले 22 अप्रैल सुबह छह बजे से 29 अप्रैल सुबह छह बजे तक के लिए लॉकडाउन लागू किया गया था। बाद में कोरोना वायरस संक्रमण से बेकाबू हो रहे हालात को संभालने के लिए लॉकडाउन के दूसरे चरण में और सख्ती बरतने के आदेश के साथ छह मई तक के लिए बढ़ाया गया था। एक बार फिर छह मई से झारखंड में लॉकडाउन का तीसरा चरण शुरू होगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता,मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, सीएम के प्रधान सचिव राजीव अरूण एक्का, नगर विकास सचिव विनय चौबे उपस्थित थे।