रांची।
सोमवार की शाम अपने काफिले पर हुए हमले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहली बार बयान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके इंतजार में घात लगाकर लोग पहले से बैठे थे। वैसे लोगों को बख्शा नहीं जायेगा। मुख्यमंत्री ने यह बात मंगलवार देर शाम प्रोजेक्ट भवन में मीडिया कर्मियों से बातचीत में कही।
CM हेमन्त ने कहा, यह एक घात लगाकर किया गया हमला है। घर जाने के बाद पूरी घटना की जानकारी हुई। घर पहुंचने के बाद पता चला कि कुछ लोग घात लगाकर मेरे इंतजार में बैठे थे। जब ये प्रयास में सफल नहीं हो पाये, तो उपद्रवी कार्य में लग गये। प्रशासन अब उपद्रवी से पूरी गंभीरता से निबटेगा। जो भी लोग हो इसमें शामिल हैं, उनके खिलाफ कड़ी करवाई होगी, उन्हें नहीं बख्शा जायेगा।
सीएम हेमन्त सोरेन ने कहा कि " रांची छोटी जगह है, लोग एक दूसरे को जानते और पहचानते हैं। कौन लोग किसके हैं? कानून दल और पार्टी देख कर काम नहीं करता। जल्द ही पुलिस उपद्रवियों को गिरफ्तार करेगी।"
हेमंत सोरेन ने बीते दिनों ओरमांझी में हुए युवती की हत्या को लेकर भी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन अपना काम काफी मुस्तैदी से कर रही है। जैसे-जैसे बाते सामने आएगी। सबको पता चल जाएगा। सरकार कुछ भी नहीं छुपा रही है।