रांची।
झारखंड राज्य के पुलिसकर्मियों को नए साल का तोहफा मिला है। एक जनवरी से झारखंड के सभी थानों में पदस्थापित पुलिसकर्मियों को सप्ताह में एक दिन की छुट्टी मिलेगी। इस बारे में सभी जिले के SSP, SP को पुलिस मुख्यालय से आदेश भेजा जाएगा। इसके बाद सभी थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मियों को सप्ताह में एक दिन की छुट्टी मिलनी शुरू हो जाएगी। राज्य के DGP एमवी राव ने इसकी स्वीकृति दे दी है।
बुधवार को पुलिस हेडक्वार्टर में आयोजित प्रेस वार्ता में DGP एमवी राव ने कहा कि एक जनवरी से थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मियों को सप्ताह में एक दिन की छुट्टी मिलेगी। पूरे जनवरी महीने इसका ट्रायल चलेगा, इस दौरान देखा जाएगा क्या-क्या परेशानी आ रही है। पहले समस्या को दूर किया जाएगा। इसके बाद फरवरी महीने से ये सुचारू रूप से शुरू हो जाएगा।
रोस्टर के हिसाब से मिलेगी छुट्टी
DGP ने बताया कि राज्य के सभी थानों में पदस्थापित पुलिसकर्मियों को ही सप्ताह में एक दिन की छुट्टी दी जाएगी। ताकि वो अपने परिवार के साथ समय बिता सके या इसके अलावा अपने निजी काम को भी कर सकें। पुलिसकर्मियों को रोस्टर के आधार पर सप्ताह में एक दिन की छुट्टी दी जाएगी।
डीजीपी ने कहा कि पुलिस की कार्यशैली सुधारने की कोशिश जारी है। पुलिस की समस्याओं का भी समाधान होगा।
बता दें कि पूर्व डीजीपी डीके पांडेय के द्वारा बीते 25 फरवरी 2019 को घोषणा किया गया था कि सिपाही और हवलदार स्तर के पुलिसकर्मियों से रोजाना आठ घंटे और सप्ताह में छह दिनों की ड्यूटी ली जाएगी।