रांची।
झारखण्ड राज्य के प्रभारी DGP एमवी राव सोमवार को राजभवन पहुंचे। राजभवन में प्रभारी DGP ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और राज्य में कानून व्यवस्था की जानकारी दी।
दुमका गैंगरेप के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने राज्य में लगातार हो रही रेप की घटनाओं पर चिंता जताई। राज्यपाल ने कहा कि राज्य में भयमुक्त वातावरण हो ताकि सभी लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने दुमका में सामूहिक दुष्कर्म मामले में भी की गई कार्रवाई की जानकारी ली। साथ ही सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
राजभवन सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रभारी DGP ने राज्यपाल को बताया कि दुमका मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। राज्यपाल ने ऐसे सभी मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जानकारी हो कि दुमका में पिछले सप्ताह अपने पति के साथ हाट से वापस घर जा रही एक महिला से 17 युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था।