दुमका।
दुमका जिले से शर्मनाक खबर आयी है। जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक महिला के साथ 17 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला 5 बच्चों की मां है। महिला अपने पति के साथ साप्ताहिक हाट गयी थी। रात करीब आठ बजे वापस घर जाने के दौरान आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने महिला के पति को बंधक बना लिया था।
पीड़िता के बयान पर बुधवार को थाना में 17 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 17 आरोपियों में एक को छोड़ महिला किसी को नहीं पहचानती। महिला के बयान पर मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस की एक टीम आरोपी राम मोहली की तलाश में गई लेकिन वह नहीं मिला।
इधर, सामूहिक दुष्कर्म की बात सामने आने के बाद डीआईजी सुदर्शन कुमार मंडल और एसपी अंबर लकड़ा मुफ्फसिल थाना पहुंचे और महिला से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि एक आरोपी की पहचान कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
डीआइजी, दुमका ने कहा- महिला के बयान पर 17 लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। बाजार से घर लौटने के क्रम में घटना को अंजाम दिया गया है। घटना की सत्यता का पता करने के लिए पुलिस अनुसंधान कर रही है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।