दुमका।
उपराजधानी दुमका में सदर थाना क्षेत्र स्थित मेन रोड बाजार में एक युवक ने दुकान पर बैठी एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शनिवार को दिनदहाड़े हुई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम से वहां से भाग निकला। आरोपी महिला का भतीजा है और किसी बात को लेकर दोनों में आपसी रंजिश चल रही थी।
मृतका की पहचान 50 वर्षीय पुष्पा हिम्मत सिंहका के रूप में की गई है। पुष्पा हिम्मतसिंहका कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता थीं और मेन रोड में बक्से की दुकान चलाती थी। वो अपनी बक्से की दुकान पर बैठी हुई थी। साथ में पुष्पा के पति भी थे।
घटना के संबंध में मृतका के पति रामचंद्र हिम्मतका सिंह ने बताया कि हत्या उसके भतीजे रॉकी ने की है। रॉकी के पिता की भी कुछ दूरी पर दुकान है। किसी बात लेकर चल रहे विवाद की वजह से उनकी बातचीत नहीं होती थी। मृतका के पति ने बताया कि रॉकी अक्सर गोली मारने की धमकी देता था। इसकी जानकारी उन्होंने थाना को भी दी थी। इसी बीच शनिवार को दोपहर 12 बजे के करीब पुष्पा दुकान में एक सोलर प्लेट को साफ कर उसे दुकान में रख रही थी, इसी दौरान रॉकी आया और नजदीक से उसे गोली मार दी। बाद में दुकान में घुसकर उसपर और उनके बेटे के उपर भी हमला किया, गोली चलाई, पर दोनों बच गए। गोली महिला के सिर में लगी। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दिनदहाड़े गोली चलने की घटना के बाद मेन रोड और दुमका मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में भीड़ इकट्ठा हो गयी। घटना की पड़ताल के लिए एसपी अम्बर लकड़ा खुद वारदात स्थल पर पहुंचे। आरोपी की माँ को पुलिस पूछताछ के लिए थाना ले आयी है। रॉकी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी चल रही है।
वही, घटना की जानकारी प्राप्त होने पर पूर्व मंत्री और भाजपा प्रत्याशी डॉ लुइस मराण्डी, कांग्रेस नेता सुशील मरांडी, झामुमो के रवि यादव आदि सामाजिक-राजनीतिक कार्यकता अस्पताल पहुंचे।