साहेबगंज।
रविवार को नगर थाना क्षेत्र के पुराने साहेबगंज में दिल दहला देने वाली घटना हुई। जहां एक महिला ने अपने दो मंजिला मकान की छत से पांच बच्चों को एक-एककर नीचे फेंक दिया। हालांकि नीचे मौजूद लोगों ने लपक कर बच्चों को पकड़ लिया। इस घटना में दो बच्चों के साथ एक युवक जख्मी हो गया। बच्चों में महिला की एक बेटी भी शामिल है।
बताया जा रहा कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है। बिहारी लाल मंडल भवन में आस-पड़ोस के कुछ बच्चे टीवी देख रहे थे। घर की एक महिला बच्चों को किसी बहाने से छत पर ले गई। फिर वहां से बच्चों को निचे फेंक दिया। इधर, मोहल्ले के युवक बुधन मंडल व शर्मिला नामक युवती ने कई बच्चों को लपक कर बचाया।
जबकि 12 वर्षीय अंश कुमार मंडल और 10 वर्षीय आयुष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बच्चों को बचाने की कोशिश में बुधन मंडल भी घायल हो गया।
दोनों बच्चों और युवक तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने अंश कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
इधर, मामले की सूचना मिलते ही एसडीपीओ विजय आशीष कुजूर घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। एसडीपीओ ने बताया कि सभी बच्चे संबंधित महिला के रिलेटिव ही है। किसी भी बच्चे के परिजन ने अब तक कोई शिकायत नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संबंधित महिला को थाना बुलाया गया है। पूछताछ करने और किसी द्वारा शिकायत करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।