इस साल शारदीय नवरात्रि की शुरुआत देर से हो रही है। हर बार पितृपक्ष के समापन के तुरंत बाद नवरात्र शुरू हो जाता था। मगर इस साल मलमास ने पितृपक्ष और नवरात्रि के बीच करीब एक महीने का अंतर रहा। हिंदू धर्म में नवरात्रि उत्सव का बहुत महत्व है। नवरात्रि के नौ दिनों के दौरान मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा आराधना की जाती है।
चलिए जानते हैं इस साल नवरात्रि के समय में मां दुर्गा किस सवारी पर आने वाली हैं और इसके क्या संकेत हैं।
साल 2020 में नवरात्रि की शुरुआत 17 अक्टूबर से हो रही हैं। देवीभाग्वत पुराण से यह पता चलता है कि मां दुर्गा के आगमन के अलग-अलग वाहन हैं और उनके वाहन से भविष्य में आने वाली घटनाओं का संकेत भी मिलता है। ऐसा माना जाता है कि यदि नवरात्रि की शुरुआत सोमवार या रविवार से हो तो माता हाथी पर सवार होकर आएंगी। कलश स्थापना यदि शनिवार या मंगलवार को हो तो माता घोड़े पर सवार होकर आती है। यदि बुधवार से नवरात्रि शुरू होती है तो मां नाव को अपनी सवारी बनाती हैं। गुरुवार अथवा शुक्रवार को नवरात्रि शुरू होने से माता डोली पर आती हैं। तो इस साल यानी 2020 में दुर्गा पूजा और नवरात्रि की शुरुआत शनिवार से होने वाली है।
इस हिसाब से देखा जाए तो इस साल मां दुर्गा घोड़े पर सवार होकर आने वाली हैं। हालांकि, माता दुर्गा के घोड़े पर आना कुछ अच्छे संकेत नहीं दे रहा है। ज्योतिषों का कहना है कि घोड़े पर आने से पड़ोसी देशों से युद्ध, राजनीति तथा सत्ता में उथल-पुथल और साथ ही रोग और शोक फैलने के संकेत मिल रहे हैं।