जमशेदपुर।
जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी शनिवार को हड़ताल पर चले गए।
कॉलेज के फार्माकोलॉजी विभाग के एचओडी उपेंद्र कुमार सिंह के द्वारा कॉलेज के कर्मचारी विजय कुमार मल्लिक से बदतमीजी करने के आरोप में वहा के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। मिली जानकारी के अनुसार बीते दिनों फार्माकोलॉजी विभाग के एचओडी उपेंद्र कुमार सिंह के द्वारा कॉलेज में वाटर फिल्टर लगाने को लेकर कर्मचारी विजय कुमार मल्लिक को फटकार लगाई थी।
उसके बाद बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच गाली-गलौज तक की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। बाद में कॉलेज प्रशासन द्वारा हस्तक्षेप कर मामले को शांत करा दिया गया था। कर्मचारियों का कहना है कि बावजूद इसके उपेंद्र कुमार द्वारा बदतमिजी की जाती रही। इसी से परेशान होकर कर्मचारी संघ हड़ताल पर चला गया। अब कर्मचारी संघ का कहना है कि एचओडी माफी मांगें, तब कर्मचारी हड़ताल खत्म करेंगे।