रांची।
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के निधन पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्तमंत्री और खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगर आलम, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और कृषि मंत्री बादल , प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव, राजेश गुप्ता छोटू समेत पार्टी के अन्य नेताओ ने शोक व्यक्त किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने अपने शोक संदेश में कहा कि विधायक और मंत्री पद पर रहने के बावजूद वे सर्वसाधारण के लिए हमेशा सुलभ रहते थे, उनकी सादगी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है, उनसे घर पर मिलने के लिए पहुंचने वाला व्यक्ति कभी बिना मिला वापस नहीं लौटता था। करीब तीन दशक से अधिक समय से राजनीति और सामाजिक कार्यां में सक्रिय हाजी हुसैन अंसारी के निधन से पूरे राज्य को अपूरणीय क्षति हुई है।
कांग्रेस विधायक दल के नेता सह राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि वर्ष 2000 में जब वे पहली बार विधायक बने, तब से लगातार उनका हाजी हुसैन अंसारी से व्यक्तिगत संबंध रहा था। उनका निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है, वहीं उनके लिए व्यक्तिगत नुकसान जैसा है।
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि हाजी साहब से उनका आत्मीय और व्यक्तिगत संबंध थे, सदैव उनका सानिध्य प्राप्त होता रहा था, विधानसभा में भी जनहित के मामलों में उनसे परामर्श लेता रहता था, मुझे एक अभिभावक के रूप में सदैव उनका मार्गदर्शन मिला है। उन्होंने कहा कि उनका ऐसे जाना बेहद दुखद हैं और इस घटना ने दिल को झकझोर दिया हैं, आज निःशब्द हूँ, मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति हैं हाजी साहब का जाना। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों और शुभचिंतकों को दुख सहने का साहस दे।
कृषि मंत्री बादल ने कहा कि शोक व्यक्त करते हुए हाजी हुसैन अंसारी का निधन पूरे राज्य के लिए क्षति तो है ही लेकिन यह उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है।उन्होंने पुरानी याद को ताजा करते हुए बताया कि चुनाव में स्थितियां प्रतिकूल थी और चुनाव प्रचार के अंतिम कुछ घण्टे बचे थे , हाजी साहब को जब इस बात की जानकारी हुई तो बगैर मुझे बताएं वह उनके क्षेत्र में आए और लोगों को उनके प्रति विश्वास दिलाया और उन्हें वोट करने की अपील की। उनके विधायक बनने में हाजी हुसैन अंसारी का बहुत बड़ा योगदान। उनकी कमी जिंदगी भर खलेगी।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि हाजी हुसैन अंसारी सिर्फ एक क्षेत्र विशेष के ही नेता नहीं थे, राज्य के सभी क्षेत्रों में उनके चाहने वालों की कोई कमी नहीं है, उनके निधन से झारखंड को अपूरणीय क्षति हुई है, इसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि हाजी हुसैन अंसारी ने अपने जीवनकाल में बिना किसी से भेदभाव किये, हर जरूरतमंद व्यक्ति की मदद की कोशिश की, उनकी सादगी और लोकप्रियता के कारण उनके प्रतिद्वंदी भी काफी सम्मान करते थे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि हाजी हुसैन अंसारी जैसे नेता का असमय दुनिया से चले जाना काफी दुःखद है।