आगरा।
रेलवे के आगरा डिवीज़न से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक करीब दो साल का बच्चा मालगाड़ी के इंजन के बीचोंबीच फंसा दिखाई दे रहा है। बच्चा रो रहा है और बगल में एक व्यक्ति एक किशोर को पकड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो आगरा के आस पास का है और दो दिन पुराना है।
जानकारी के मुताबिक आगरा डिवीज़न के बल्लभगढ़ स्टेशन के पास एक 2 साल के बच्चे को 14-15 साल के एक बच्चे ने ट्रैक पर फेंक दिया। ट्रैक पर सामने से मालगाड़ी आ रही थी। लोको पायलट ने बच्चे को फेंकते देखा और ट्रेन को ब्रेक लगा दी। लेकिन तब तक मालगाड़ी का इंजन बच्चे के ऊपर से गुजर चुका था। हालाँकि छोटे से बच्चे को खरोंच तक नहीं आयी। बच्चा सकुशल बाहर निकाल लिया गया और उसे उसकी मां को सौंप दिया गया।
हालांकि वायरल वीडियो की N7India पुष्टि नहीं करता।
लोको पायलट ने उच्च अधिकारियों को दी सूचना
इसके साथ ही लोको पायलट का एक पत्र भी सामने आया है जिसमें वह अपने उच्च अधिकरियों को घटना की जानकारी दी है। उत्तर मध्य रेलवे आगरा छावनी के वरिष्ठ मंडल विद्युत् अभियंता को संबोधित इस पत्र में लोको पायलट दीवान सिंह ने लिखा है कि 21 सितंबर को वल्लभगढ़ स्टेशन से गाड़ी संख्या E/BOX निकली। वल्लभगढ़ एडवांस स्टार्टर के पास एक 14-15 साल के किशोर ने एक डेढ़ से दो साल के बच्चे को लेकर आया और बीच ट्रैक पर चलती गाड़ी के सामने फेंक दिया। इसके बाद तुरंत गाड़ी को रोका गया. नीचे उतर कर देखने पर बच्चा इंजन के बीच में फंसा था। तुरंत बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उसकी मां को सौंपा गया।